पीलीभीत जनपद में में राइस मिल एसोसिएशन के शहर अध्यक्ष के गोदाम पर छापे के दौरान 50 हजार क्विंटल से ज्यादा का अवैध स्टॉक बरामद हुआ है। धान घोटाला (Paddy Scam) तब पकड़ में आया जब मंडी सचिव ने बीसलपुर रोड पर स्थित गोदाम पर छापा मारा। अब प्रशासन जुर्माना वसूलने के साथ ही लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी में है।
धान क्रय केंद्र किसानों के फायदे की जगह उत्पीड़न के केंद्र बनते जा रहे हैं। यहां किसानों को तो तरह-तरह के बहाने बनाकर टरकाया जाता है। फिर बिचौलिये औने पौने दाम पर यही धान खरीद लेते हैं। राइस मिल मालिक भी किसानों से औने पौने दाम पर सीधी खरीदकर मंडी शुल्क की बड़े पैमाने पर चोरी करते हैं। फिर यही धान सांठगांठ कर किसानों के नाम पर क्रय केंद्रों पर बेच दिया जाता है।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे मंडी सचिव सुभाष बाबू ने टीम के साथ बीसलपुर रोड स्थित श्री साईंनाथ राइस इंडस्ट्रीज पर छापा मारा। छापे के दौरान गोदाम में धान का बड़ा स्टॉक मिला। मंडी सचिव ने धान खरीद से संबंधित अभिलेख मांगे तो गोदाम मालिक पंकज अग्रवाल नहीं दिखा सके।
Paddy Scam : वसूला जाएगा जुर्माना, लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी
मंडी सचिव के मुताबिक गोदाम में छापे के दौरान 50 हजार क्विंटल से अधिक धान का अवैध स्टॉक पाया गया। अब मंडी प्रशासन राइस मिल मालिक से जुर्माना वसूलने के साथ उसका लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई करने की तैयारी में है।
राइस मिल के गोदाम में धान का बड़ा अवैध स्टॉक मिलने के मामले में सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने बताया कि सीधी खरीद का मामला संज्ञान में आया है। राइस मिलों में अवैध भंडारण को लेकर छापे मारे जाएंगे। अवैध स्टॉक करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
मामले में मंडी सचिव सुभाष बाबू ने कहा कि राइस मिलों में धान के अवैध भंडारण को लेकर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। श्री साईंनाथ राइस इंडस्ट्रीज पर 50 हजार क्विंटल से अधिक धान का अवैध स्टॉक मिला है। इस मामले में जुर्माना वसूलने के साथ लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई है। रिपोर्ट मंडी सभापति को भेजी गई है।
वहीं राइस मिल एसोसिएशन के शहर अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह मिल पर मंडी समिति की टीम पहुंचने की जानकारी मिली थी। अवैध स्टॉक के बारे में जानकारी नहीं है।