Mathura News : सांसद हेमा मालिनी ने आईएएस श्याम बहादुर सिंह के कविता संग्रह ‘एक प्रतिध्वनि के लिए’ का विमोचन किया। उन्होंने प्रशासनिक व्यस्तता के बीच कविता लेखन में रुचि रखने और उसे पुस्तक के रूप में समाज के समक्ष लाने के लिए उन्हें बधाई दी।
समारोह में सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि कविता का गुण व्यक्ति के सरल स्वभाव को भी प्रदर्शित करता है। श्याम बहादुर सिंह ने कहा कि वह इन कविताओं को पहले फेसबुक पर लिखते थे। उन्होंने कभी इनके प्रकाशन के बारे में नहीं सोचा था। इन कविताओं में जीवन की विविधताओं के साथ जीवन की अनुभूति भी है।

समारोह में कवि और गीतकार विष्णु सक्सेना ने कविता पाठ किया। कार्यक्रम के अध्यक्ष अरुण कमल ने श्याम बहादुर सिंह को अपनी पहली पुस्तक के ब्रज भूमि में प्रकाशित होने के लिए बधाई दी। वत्स गोस्वामी ने प्रशासनिक मर्यादा, दायित्व के मध्य कविताओं के प्रकट होने वाले विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि कवि का हृदय संवेदनशील होता है। यह संवेदनशीलता समाज में व्याप्त हो जाए तो सभी का कल्याण हो सकता है।
इससे पूर्व समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सासंद हेमा मालिनी, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, कार्यक्रम अध्यक्ष साहित्यकार अरुण कमल, साहित्यकार प्रो गोपेश्वर सिंह, साहित्यकार ओम निश्चल, वत्स गोस्वामी, वाणी प्रकाशन समूह के सीएमडी अरुण माहेश्वरी, सीईओ अदिति माहेश्वरी ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, बिग्रेडियर आरएन शर्मा, बिग्रेडियर डीपी सिंह, मथुरा रिफाइनरी से अजय कुमार तिवारी, संगीता सिंह आदि मौजूद रहे।
समारोह में बिकीं 250 प्रतियां
कविता संग्रह एक प्रतिध्वनि के लिए के लोकार्पण समारोह के दौरान 250 प्रतियों की बिक्री हो गई। यहां आए अतिथियों ने पुस्तक के प्रति रुचि दिखाते हुए इसकी खरीदारी की। इस पर पुस्तक लेखक उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने कहा कि इस पुस्तक से मिलने वाली रॉयल्टी को दिव्यागों के लिए समर्पित संस्था कल्याणम करोति को देंगे।