76th Republic Day : बरेली। रविवार को गणतंत्र दिवस (Republic Day) धूमधाम के साथ मनाया गया। समस्त शासकीय, अर्धशासकीय और निजी प्रतिष्ठानों पर ध्वजारोहण किया गया और संविधान में उल्लिखित संकल्प दोहराया गया। महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कमिश्नरी कार्यालय में ध्वजारोहण किया और लोगों के साथ राष्ट्रगान गाया।
इसके बाद मंडलायुक्त ने संविधान संकल्प को उपस्थित लोगों के साथ दोहराया। शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने कमिश्नरी परिसर में पौधरोपण किया। मंडलायुक्त ने कहा कि आज से 76 वर्ष पहले देश को चलाने के लिए संविधान लागू किया गया था मगर हमारा संविधान इतना लचीला है कि उसने समस्त बदलते परिवेश को बदला और सभी को समाहित कर लिया है।

उन्होंने इसी प्रकार हमें भी समय और तकनीक के साथ बदलना और उसे अपनाना जरूरी है। धीरे-धीरे पत्रावलियों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से कंप्यूटर पर संचालित होना शुरू हो चुका है। इन नवीन तकनीकों से लाभ कैसे उठा सकते हैं और आमजन को कैसे लाभ दें सकते हैं इस पर विचार करना जरूरी है। देश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान ने अंग्रेजों की गुलामी से भारत को आजाद कराया, इसके बाद भारतीय संविधान की संरचना हुई।
उन्होंने कहा कि संविधान में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया, सभी धर्म-जाति के लोगों को एक समान अधिकार दिए गए हैं। यही हमारे संविधान की सबसे बड़ी विशेषता है। 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया था। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त प्रदीप कुमार, अपर आयुक्त न्यायिक प्रीति जायसवाल आदि मौजूद रहे।
जोन कार्यालय में एडीजी ने किया ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस पर अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा ने जोन कार्यालय पर तिरंगा फहराया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों का बोध कराया। इस दौरान एडीजी ने जोनल कार्यालय में कार्यरत निरीक्षक विजय कुमार को सराहनीय सेवा चिह्न मिलने पर बधाई दी।
डीएम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को किया सम्मानित
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कलक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों व नागरिकों के साथ राष्ट्रगान गाया और संविधान के संकल्प को दोहराया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश को आजादी दिलाने के लिए अपने प्राण त्यागे उन्हें हमें सदैव स्मरण में रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बरेली से 398 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की सूची उपलब्ध है। डीएम ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार का यदि कोई कार्य उनके स्तर पर आता है या लंबित है तो उसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें और उन्हें व्यापक सम्मान दें। यह शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने अपील की कि अनाथ आश्रम, महिला शरणालय, मानसिक मंदित शरणालयों में जाकर लोगों से मिलें। इस अवसर पर द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व सूबेदार खान के परिजन मैरून निशा, चमन सिंह के परिजन सुनील वर्मा, प्रताप चंद आजाद के परिजन किरन आजाद, अब्दुल रऊफ के परिजन असद मसूद, नरेंद्र नारायण जौहरी के परिजन विमल जौहरी व सत्यम जौहरी, कृष्ण मुरारी के परिजन उर्मिला, राम विलास उर्फ बाबा राम प्रियदास के परिजन शालिनी मिश्रा, झम्मन लाल के परिजन अजय भारत, मनोहर लाल साहनी के परिजन अनिल कुमार साहनी, रामाशंकर शर्मा के परिजन अजय राज शर्मा, कुंजन के परिजन जयपाल, नवाब खान बहादुर खान के परिजन मुस्तफा अली खान तथा विजय प्रताप नारायण सिंह के परिजन मिथिलेश ठाकुर को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
डीएम ने फोटो जर्नलिस्ट सोसायटी ऑफ बरेली के कैलेंडर का किया विमोचन
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कलक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण के बाद फोटो जर्नलिस्ट सोसायटी ऑफ बरेली के कैलेंडर का विमोचन किया।
इस दौरान सोसायटी के अध्यक्ष अजय मिश्रा ने सभी पदाधिकारी व सदस्यों को धन्यवाद दिया।

इस दौरान एडीएम (प्रशासन) दिनेश, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) संतोष बहादुर सिंह, एडीएम सिटी सौरभ, सोसायटी के अध्यक्ष अजय मिश्रा, सचिन, भानु प्रताप भारद्वाज, जनार्दन आचार्य, संजीव कुमार पांडे, अजय राज शर्मा, पुत्तन सक्सेना, उमेश शर्मा, विवेक मिश्रा, मीडिया प्रभारी अशोक गुप्ता, विजय शर्मा, अरुण मौर्य, अजय प्रताप सिंह, सुरेश रोचानी, ताहिर बेग, राहुल सक्सेना ,अब्दुल शाहिद, अरविंदर सिंह मिकी, पंकज शर्मा, सुनील सिंह आदि उपस्थित रहे।
सरकार की नीति और नीयत संविधान विरोधी : शिवचरन कश्यप
बरेली। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने पार्टी कार्यालय पर ध्वजारोहपण किया। उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा खतरा संविधान पर है। सरकार की नीति और नीयत संविधान विरोधी है। सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की गंगा जमुनी संस्कृति को ठेस पहुंच रही है। समाजवादी पार्टी की बहुत बड़ी जिम्मेदारी संविधान और एकता को बचाना है।
सपा महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि अगर लोकतंत्र बचाना है तो भाजपा को सत्ता से बेदखल कर लोहिया और आंबेडकर के अनुयायियों को सत्ता में लाना होगा। ये लोग संविधान को समाप्त करना चाहते हैं।

जिला सचिव ब्रजेश श्रीवास्तव ने कहा कि देश की आजादी में सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हमारे पूर्वजों ने देश की खातिर अपने प्राण तक न्योछावर कर दिए थे तब जाकर यह दिन देखने को मिला। भाजपा सरकार देश को गुलामी के रास्ते ले जाना चाहती है। पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि संविधान का सम्मान और आपसी भाईचारा तथा सामजिक सौहार्द कायम रखना सबकी जिम्मेदारी है।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष मनोहर पटेल, महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा, महानगर उपाध्यक्ष शेर सिंह गंगवार एड. अनुज गंगवार व राजेश मौर्या, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, सुरेंद्र सोनकर, महिला सभा जिलाध्यक्ष स्मिता यादव व महानगर अध्यक्ष सरताज गजल अंसारी, अनिल जौहरी, पार्षद मो. आरिफ कुरैशी, महानगर सचिव सचिव मो. वसीम, सय्यद जमील अहमद, नाजिम कुरैशी, चंद्रसेन पाल, रेहान अंसारी, बाबर अली, ऋषि यादव, अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष असलम खान व महानगर अध्यक्ष मोहसिन खान आदि मौजूद थे।
उपजा प्रेस क्लब में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस
उपजा प्रेस क्लब में अध्यक्ष पवन सक्सेना और वरिष्ठ पत्रकार व साहित्कार रमेश गौतम ने ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। यहां उपस्थित सभी सदस्यों ने राष्ट्रगान गाकर देशभक्ति की भावना को प्रकट किया। इस मौके पर अध्यक्ष पवन सक्सेना ने कहा कि गणतंत्र दिवस सिर्फ एक पर्व नहीं है, यह संविधान, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय कर्तव्यों की याद दिलाता है।

उन्होंने सभी को संविधान के प्रति सम्मान रखने और एकजुटता से कार्य करने का आह्वान किया। संचालन महामंत्री मुकेश तिवारी ने किया। इस अवसर पर वीरेंद्र अटल, निर्भय सक्सेना, संजय श्रीवास्तव, जनार्दन आचार्य, अजय मिश्रा, इमरान खान, धीरेंद्र यादव उर्फ धीरू, विवेक मिश्रा, भानु भारद्वाज, विजय शर्मा, विकास सक्सेना, और देशदीपक गंगवार, हसीन दानिश, फिरोज इदरीसी आदि मौजूद रहे।
पुलिस लाइन में रही Republic Day की धूम
बरेली पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, आईजी डॉ. राकेश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने परेड की सलामी ली। परेड के दौरान एक नई पहल के रूप में व्यापारी, डॉक्टर और प्रबुद्ध वर्ग के सम्मानित लोग शामिल हुए।
परेड में एडीजी रमित शर्मा, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, आईजी डॉ. राकेश सिंह, डीएम रविंद्र कुमार, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, सीएफओ चंद्र मोहन शर्मा आदि मौजूद रहे।
गणतंत्र दिवस के इस आयोजन में सीडीओ जगप्रवेश, मेयर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
संत आशाराम आश्रम में मना गणतंत्र दिवस
संत आसाराम बापू आश्रम में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। आश्रम संचालक भानु प्रकाश ने बापू के समक्ष दीप प्रवाजलित कर कार्यकम की शुरुआत हुई। बदायूं के संकीर्तन मंडल के हैप्पी और पंकज ने भजनों के माध्यम से अपनी अपनी हाजरी दी गई। महिला मंडल ने संकीर्तन किया। शाम छह बजे संध्या के समय आरती हुई। समाप्ति पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।