पीलीभीत के कस्बा पूरनपुर में शादी में प्रेमी की हरकत पर बखेड़ा बखेड़ा खड़ा हो गया। विवाद इस कदर बढ़ गया कि दूल्हे ने शादी करने से इन्कार कर दिया। लोगों ने उसे समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह नहीं माना। नतीजतन दुल्हन के बिना ही बरात वापस लौट गई। दूसरी ओर प्रेमी और उसके दोस्त की परिजनों ने पकड़कर पिटाई कर दी फिर दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
पीलीभीत के कस्बा पूरनपुर के एक युवक का रिश्ता बरेली के आंवला इलाके की युवती के साथ तय हुआ था। मंगलवार को पूरनपुर के एक बरातघर में शादी समारोह था। बरात का स्वागत के बाद अन्य रस्में संपन्न की गईं। जयमाला का कार्यक्रम होने के बाद रिश्तेदार दूल्हा-दुल्हन को उपहार दे रहे थे। तभी एक युवक स्टेज पर पहुंचा और उसने उपहार देकर दुल्हन के कान में कुछ कहा।
युवक की इस हरकत पर दूल्हा भड़क गया और उसने युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि उपहार देने वाला युवक दुल्हन के प्रेमी का दोस्त है। जो उपहार उसने दिया था वह दुल्हन के प्रेमी ने भिजवाया था। यह सुनते ही बखेड़ा खड़ा हो गया। दूल्हे ने गले से जयमाला निकालकर फेंक दी और शादी करने से इन्कार कर दिया।
परिजनों ने प्रेमी और उसके दोस्त को जमकर पीटा
हंगामा होने पर दोनों पक्ष के लोग स्टेज पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया। इस दौरान दुल्हन का प्रेमी भी वहां पहुंच गया और हंगामा करने लगा। आरोप है कि उसने दुल्हन से भी बदसलूकी की। इस पर गुस्साए लोगों ने दोनों की पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। किसी ने शादी समारोह में विवाद की सूचना पूरनपुर पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा शांत कराया। इसके बाद पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। हालांकि अब तक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।
समझौते के बाद बगैर दुल्हन लौटी बरात
दुल्हन के प्रेम संबंधों की जानकारी होने पर दूल्हा विफर गया और उसने शादी से इन्कार कर दिया। दुल्हन के परिजनों और रिश्तेदारों ने उसे समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह किसी पर सूरत में शादी करने को राजी नहीं हुआ। बात न बनने पर दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से एक-दूसरे को दिया गया सामान लौटा दिया। समझौते के बाद बरात बगैर दुल्हन ही लौट गई। हालांकि दुल्हन सफाई देती रही कि वह युवक को नहीं जानती है।
दुल्हन ने दी तहरीर, बोली- आरोपियों को जानती तक नहीं
दुल्हन ने पूरनपुर थाने में आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में दुल्हन ने कहा कि उसकी शादी 12 नवंबर को पूरनपुर के युवक से होनी थी। रात करीब 12 बजे जयमाला संपन्न हो रही थी। तभी एक युवक आया और उसे उपहार दिया। इस पर दूल्हे ने उससे सवाल किए तो उसने युवक को जानने से इन्कार किया। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसे रिश्तेदारों ने पकड़ लिया।
आरोपी खुद को शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा निवासी बता रहा था। बताया कि उसे उसके दोस्त ने भेजा है। कुछ देर बाद उसका दोस्त भी वहां आ गया और गालीगलौज करने लगा। आरोपियों की वजह से उसकी शादी टूट गई। आरोपी ने उस पर उससे शादी करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर अगवा करने की कोशिश की। भीड़ न बचाती तो आरोपी उसकी हत्या कर देते।
शादी में विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में शादी न करने को लेकर समझौता हो गया है। राजा और पवन गुप्ता नाम के दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
– नरेश कुमार त्यागी, कोतवाली प्रभारी पूरनपुर