shahjahanpur : शाहजहांपुर वासियों के लिए यह अच्छी खबर है। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने ई-बसों का किराया घटाकर आधा कर दिया है। अब लोग मात्र 20 रुपये में पूरे शहर का भ्रमण कर सकते हैं। ई-बसों का संचालन बरेली मोड़ से किया जाएगा। मंगलवार को डीएम ने नगर बस यात्री शेल्टर का औचक निरीक्षण किया।
कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना की पहल पर यूपी के शाहजहांपुर शहर को महानगर का दर्ज मिल चुका है। शाहजहांपुर में ई-बसों का संचालन पिछले कई महीने से किया जा रहा है मगर ई-रिक्शा और टेंपो से किराया अधिक होने की वजह से लोग ई-बस में सफर नहीं करते थे। इसकी जानकारी प्रशासन तक पहुंची तो ई-बसों का किराया घटाने का निर्णय लिया गया।
डीएम धर्मेंद्र प्रताप के निर्देश पर शाहजहांपुर शहर के अंतर्गत समयबद्ध संचालन के लिए आठ वातानुकूलित बसों को लगाया गया है। नगर क्षेत्र में छह बसों का संचालन मंगलवार से शुरू किया गया है। जिलाधिकारी ने मंगलवार को बरेली मोड़ स्थित नगर बस यात्री शेल्टर का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने शेल्टर के आसपास से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, जिससे ई-बसों के संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न आए।
इसी तरह प्रत्येक स्टॉपेज विशेषकर नगर बस यात्री शेल्टर, रोडवेज बस स्टेशन और महिला थाना शेल्टर के आसपास फैले अतिक्रमण को हटाने का निर्देश डीएम ने दिया।
ई- बसों का संचालन बरेली मोड़ से रेलवे स्टेशन तक किया जाएगा।
नगर क्षेत्र में 06 ई- बसों का संचालन शुरू, अब ई रिक्शा, टेंपो के किराये की तरह सिटी बस का किराया कम करते हुए रू0 20.00 में जनपद वासियों के सुलभ एवं सुरक्षित यातायात हेतु वातानुकूलित बसों को लगाया गया है। pic.twitter.com/s9RAvVkenb
— DM SHAHJAHANPUR (@dmupsha) December 2, 2024
shahjahanpur के इन इलाकों में जाएगी सिटी ई-बस
जिलाधिकारी ने निर्देश पर सिटी बस का किराया 50 प्रतिशत कम कर दिया गया है। अब ई-रिक्शा, टेंपो के किराए की तरह सिटी बस का किराया 20 रुपये कर दिया गया है। इससे शहर वासियों को ई-बसों से अधिक से अधिक यात्रा की सुविधा मिल सके। शहर के मुख्य मार्ग बरेली मोड़ से केरूगंज, बेरी चौकी, खिरनी बाग, कचहरी, बस स्टेशन, महिला थाना होते हुए रेलवे स्टेशन तक केवल ई-बस का ही संचालन किया जाएगा। जिससे शहर वासियों को जाम का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।